जयपुर में हरियाणा रोडवेज बस के ड्राइवर ने ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल को पीट दिया। पुलिस कॉन्स्टेबल ने बस को स्टैंड पर नहीं खड़ी करने पर ड्राइवर को टोका था। गुस्साए ड्राइवर ने कॉन्स्टेबल को लात-घूसों से मारना शुरू कर दिया। वर्दी फाड़ डाली। कॉन्स्टेबल की पिटाई कर ड्राइवर-कंडेक्टर सवारियों से भरी बस छोड़कर भाग निकले। श्याम नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर बस को कस्टडी में खड़ा करवाया है। एएसआई सुखवीर ने बताया- ट्रैफिक पुलिस में तैनात कॉन्स्टेबल पवन कुमार (31) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शुक्रवार दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक पवन की ड्यूटी अजमेर रोड स्थित 200 फीट चौराहा पर लगी हुई थी। दोपहर करीब 3:50 बजे हरियाणा रोडवेज की बस जयपुर से अजमेर की तरफ जा रही थी। 200 फीट चौराहा के पास बिना बस स्टैंड बस को रोड पर रोककर ड्राइवर सवारियां बैठाने लगा। ट्रैफिक जाम होते देखकर कॉन्स्टेबल पवन कुमार ने उसे बस चलाने के लिए कहा। बिना स्टैंड के सवारी बैठाने के कारण ट्रैफिक जाम होने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। मुंह पर मारा मुक्का गुस्से में आए ड्राइवर ने बस से उतरकर कॉन्स्टेबल पवन को लात-घूसों से जमकर मारपीट की। मारपीट कर कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ डाली। मुंह पर मुक्का मारने के चलते कॉन्स्टेबल का होंठ फट गया। मुंह से खून निकलने और लोगों को जमा होते देखकर सवारियों से भरी बस छोड़कर ड्राइवर व कंडेक्टर भाग निकले। पुलिसकर्मी से मारपीट की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल कॉन्स्टेबल पवन का प्राथमिक उपचार करवाया। पीड़ित पुलिस कॉन्स्टेबल पवन की शिकायत पर ड्राइवर विकास कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कर बस को कस्टडी में लेकर खड़ा करवाया।


