भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की हरी झंडी के बाद जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि ने अपनी बहुप्रतीक्षित जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। करीब साढ़े छह महीने के इंतजार के बाद आई इस सूची में 36 पदाधिकारियों को शामिल किया गया है, जिसमें ‘सोशल इंजीनियरिंग’ और क्षेत्रीय दबदबे का मिश्रण है। सबको साधने की कोशिश कार्यकारिणी में भाजपा ने जातीय समीकरणों को सेट किया गया है। जिले के दो बड़े वोट बैंक जाट और ब्राह्मण समाज से सर्वाधिक 7-7 पदाधिकारी लिए गए हैं। वहीं, ओबीसी वर्ग को भी अच्छा प्रतिनिधित्व मिला है, जिसमें 6 मूल ओबीसी और 4 माली समाज के चेहरे शामिल हैं। गुर्जर समाज से 3, राजपूत से 4, वैश्य समाज से 3 और अनुसूचित जाति (SC) से 2 कार्यकर्ताओं को टीम में जगह दी गई है। हालांकि, एसटी (ST) और अल्पसंख्यक वर्ग को इस बार कार्यकारिणी में स्थान नहीं मिल पाया है। अनुभव और युवा जोश का मेल कार्यकारिणी में अनुभव को भी तरजीह दी गई है। योगेंद्र मिश्रा ने लगातार चौथी बार जिला महामंत्री बनकर अपनी सांगठनिक मजबूती का लोहा मनवाया है। वे पूर्व में दो अलग-अलग अध्यक्षों के साथ भी इसी पद पर कार्य कर चुके हैं। उपाध्यक्षों सहित कुछ पद अभी भी रिक्त रखे गए हैं, जिन्हें आगामी दिनों में असंतुष्टों को मनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। ये है भाजपा की नई कार्यकारिणी भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि द्वारा घोषित की गई नई जिला कार्यकारिणी में सांगठनिक अनुभव और जातीय संतुलन बनाया गया है।
जिला उपाध्यक्ष एवं महामंत्री मंडल जिला उपाध्यक्ष के रूप में उदयपुरवाटी से भूपेंद्र सिंह (राजपूत), पिलानी से अनिता जांगिड़ (मूल ओबीसी), झुंझुनूं से सुनील लांबा (जाट), खेतड़ी से पूनम गुर्जर (गुर्जर), मंडावा से महावीर ढाका (जाट) और झुंझुनूं से अजय चाहर (जाट) को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, जिला महामंत्री के पदों पर उदयपुरवाटी से डॉ. वीरपाल सिंह शेखावत (राजपूत), नवलगढ़ से योगेंद्र मिश्रा (ब्राह्मण) और झुंझुनूं से दलीप सैनी (माली) की नियुक्ति की गई है। जिला मंत्री एवं कोषाध्यक्ष जिला मंत्री की सूची में नवलगढ़ से मंजू सैनी (माली), सूरजगढ़ से विनोद कुमावत (मूल ओबीसी), झुंझुनूं से विपुल छक्कड़ (ब्राह्मण), उदयपुरवाटी से जगदीश गुर्जर (गुर्जर), खेतड़ी से निखिल शर्मा (ब्राह्मण), पिलानी से सुनीता स्वामी (मूल ओबीसी), उदयपुरवाटी से सुरेंद्र रसगणिया (एससी) और सूरजगढ़ से सुशील कुमार (गुर्जर) शामिल हैं। जिले के आर्थिक प्रबंधन के लिए झुंझुनूं के नवलकिशोर खंडेलिया (वैश्य) को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। मीडिया, आईटी एवं सोशल मीडिया प्रबंधन पार्टी के प्रचार-प्रसार की कमान संभालते हुए झुंझुनूं के ललित जोशी को जिला मीडिया प्रभारी बनाया गया है। आईटी सैल प्रभारी के रूप में झुंझुनूं के सौरभ सोनी (मूल ओबीसी) और जिला सोशल मीडिया प्रभारी के रूप में चंद्रप्रकाश शुक्ला (ब्राह्मण, झुंझुनूं) को नियुक्त किया गया है, जिनके साथ मंडावा के नितेश खींचड़ (जाट) सह-प्रभारी की भूमिका में रहेंगे। कार्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रकोष्ठ कार्यालय प्रबंधन के लिए झुंझुनूं के हरिश तुलस्यान (वैश्य) को कार्यालय मंत्री तथा मंडावा के महेंद्र धायल (जाट) व उदयपुरवाटी के जतन किशोर सैनी (माली) को कार्यालय सह-मंत्री बनाया गया है। प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के लिए पिलानी के मुरली मनोहर शर्मा को प्रमुख तथा झुंझुनूं के रवि गुप्ता (वैश्य) व सूरजगढ़ के कृष्ण कुमार यादव (मूल ओबीसी) को सह-प्रमुख नियुक्त किया गया है। प्रकोष्ठ संयोजक के रूप में झुंझुनूं के जयप्रकाश (जाट) और पिलानी की अंजू काला (एससी) को जिम्मेदारी मिली है। प्रवक्ता मंडल पार्टी का पक्ष रखने के लिए एक बड़ा प्रवक्ता मंडल तैयार किया गया है जिसमें झुंझुनूं से संजय मोरवाल, राजकुमार मूंड व सुधा पंवार, सूरजगढ़ से हनुमान सिंह, नवलगढ़ से मनीष शर्मा और खेतड़ी से शेरसिंह निर्वाण को शामिल किया गया है।


