शहर में बुधवार को सीए एसोसिएशन आईसीएआई की वार्षिक बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान सीए हर्ष जिंदल को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। बैठक में संगठन की बीते वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष ललित गर्ग की अध्यक्षता में हुई बैठक में सचिव कमल जैन ने वर्षभर के कार्यक्रमों और वित्तीय विवरण को सदन के सामने रखा। सदस्यों ने विस्तृत चर्चा के बाद इस रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। नई कार्यकारिणी में सीए रमेश कुमार को उपाध्यक्ष, सीए कमल जैन को सचिव और सीए रमन गर्ग को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त सीए यश संदीप मित्तल को सीआईसीएएसए चेयरमैन तथा सीए ललित कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्ष जिंदल ने अपने संबोधन में कहा कि एसोसिएशन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। उन्होंने पेशेवर प्रशिक्षण, तकनीकी सेमिनार और सदस्य हितों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही। जिंदल ने सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा भी जताई। बैठक में मौजूद सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी और उम्मीद जताई कि संगठन की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।


