भास्कर न्यूज | जालंधर मां बगलामुखी धाम, गुलमोहर सिटी में भक्तों ने शनिवार को श्री शनिदेव महाराज का हवन किया। ब्राह्मणों ने मुख्य यजमान गौरी केतन शर्मा से विधिवत पूजन कराकर सपरिवार हवन कुंड में आहुतियां डलवाईं। धाम के संस्थापक नवजीत भारद्वाज ने कहा कि वह सत्यस्वरूप परमात्मा एक है, जिसे हम सभी अलग-अलग नामों से पुकारते हैं। उस एक को जानने-पहचानने और उसकी उपासना करने से सभी प्रकार की वासनाएं मिटती हैं और पवित्र भावनाएं प्रकट होती हैं। धरती, जल, अग्नि, वायु और आकाश, हर जगह उसकी सत्ता है। उसकी मर्जी के बगैर एक पत्ता भी नहीं हिलता है। वह कण-कण में समाया है। भारद्वाज ने कहा कि हमारे भीतर हर पल वह हमारे साथ है। हमारे हृदय मंदिर में यदि परमात्मा के नाम की बयार बहने लगे, तो सारा संसार मधुवन वृंदावन हो जाता है। इस मौके पर श्वेता भारद्वाज, समीर कपूर, राकेश प्रभाकर, अमरेंद्र कुमार शर्मा, नवनीत, रोहित भाटिया, बावा खन्ना, नवीन, सौरभ, मोहित राणा, सौरभ अरोड़ा, उदय, नरेश त्रेहन व अन्य मौजूद रहे।


