आम्रपाली परियोजना में ट्रक मालिकों से 500 से 800 रुपए की वसूली का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। ट्रांसपोर्टरों के भारी विरोध और टंडवा थाना में लिखित शिकायत करने के बावजूद वसूली का खेल जारी है। अब ट्रक मालिकों ने डीजीपी अनुराग गुप्ता को आवेदन देकर बताया है कि ट्रक मालिकों से वसूली का खेल जारी है। यह भी बताया है कि 11 जून को ट्रक मालिकों ने निर्णय लिया था कि कोई भी आदमी जबरन वसूली करता है, तो उसे पैसा नहीं दिया जाएगा। इसके बाद वसूली करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए टंडवा थाना को आवेदन दिया गया। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उल्लेखनीय है कि आम्रपाली परियोजना में अवैध वसूली की खबर दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। 15 लोगों का गैंग कर रहा उगाही डीजीपी को दिए गए आवेदन में ट्रक मालिकों ने बताया कि पहले आम्रपाली परियोजना में सीसीएल द्वारा लोडर स्लिप दिया जाता था। लेकिन अब पैसा लेना शुरू कर दिया गया है। लोडर स्लिप देने का जिम्मा फर्जी वाहन मालिक संघ के हाथ में है। इनका 10 से 15 लोगों का गैंग है, जो वसूली करते हैं।


