भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले में मैट्रिक परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा विभाग द्वारा इस वर्ष ठोस और योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग ने मैट्रिक परीक्षार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक विषय में पांच-पांच मॉडल प्रश्नों का सेट तैयार कराया है, जिसे छात्रों से नियमित रूप से अभ्यास कराया जा रहा है। यह मॉडल प्रश्न जिले के अनुभवी और विषय-विशेषज्ञ शिक्षकों की एक विशेष पैनल द्वारा तैयार किए गए हैं, जिन्हें छात्रों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है। शिक्षा विभाग का दावा है कि आगामी मैट्रिक परीक्षा में लगभग 90 प्रतिशत प्रश्न इन्हीं मॉडल प्रश्नों के इर्द-गिर्द पूछे जा सकते हैं। जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष मैट्रिक परीक्षा में जिले का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा था, जिससे शिक्षा विभाग ने इस वर्ष परिणाम सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इस बार जिले का स्थान राज्य स्तर पर बेहतर करने का लक्ष्य रखा गया है, साथ ही अधिक से अधिक छात्रों को अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण कराने का उद्देश्य निर्धारित किया गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष पहल की गई है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने जानकारी दी कि प्रत्येक विषय में पांच मॉडल प्रश्नों के कुल सेट तैयार किए गए हैं। इस तरह एक छात्र को मैट्रिक परीक्षा के लिए लगभग 1200 प्रश्नों की तैयारी करनी होगी। उन्होंने बताया कि इन प्रश्नों का चयन परीक्षा पैटर्न और पाठ्यक्रम के अनुरूप किया गया है। खास शिक्षकों की पैनल द्वारा तैयार किए गए इन मॉडल प्रश्नों से परीक्षा में 90 प्रतिशत तक प्रश्न पूछे जाने की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जो छात्र मॉडल प्रश्न सेट में दिए गए प्रश्नों के उत्तर देने में असमर्थ हैं, उन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे छात्रों को शिक्षकों द्वारा अतिरिक्त समय देकर समझाया जा रहा है, ताकि वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। विद्यालय स्तर पर नियमित अभ्यास, पुनरावृत्ति और मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है। एक नजर फ्लैशबैक पर वर्ष 2025 की मैट्रिक परीक्षा में सरायकेला-खरसावां जिले का स्थान राज्य में 22वां था। पिछले वर्ष कुल 85.03 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे, जिसमें बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.50 तथा बालकों का 83.4 प्रतिशत रहा था। जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि इस वर्ष मैट्रिक के परिणाम सिर्फ बेहतर ही नहीं बल्कि टॉप 10 के रैंक में होगी।


