गुमला | जिला प्रशासन गुमला द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए एक अहम पहल की गई है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर अब प्रत्येक सप्ताह प्रखंड/अंचल स्तर पर जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक अनावश्यक यात्रा करने की आवश्यकता न हो और स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। यह निर्णय जिला समन्वय समिति की बैठक में लिया गया। जिसमें यह देखा गया कि बड़ी संख्या में ऐसी शिकायतें जिला जन सुनवाई दिवस में आती हैं, जो प्रखंड या अंचल स्तर पर ही हल हो सकती हैं। इसलिए अब गुमला प्रखंड में प्रत्येक शनिवार, रायडीह सोमवार, सिसई गुरुवार, भरनो बुधवार, पालकोट सोमवार, बसिया शनिवार, कामडारा बुधवार, चैनपुर गुरुवार, डुमरी शुक्रवार, जारी शुक्रवार, घाघरा सोमवार व विशुनपुर में मंगलवार को दरबार लगेगा। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी निर्धारित दिन को अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रह जनता की समस्याओं की सुनवाई करें तथा उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। गुमला | गुमला जिले में नवपदस्थापित भार एवं माप पदाधिकारी के रूप में शशि संगीता बारा ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने नवनियुक्त अधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि शशि संगीता जिले में माप-तौल की मानक व्यवस्था सुनिश्चित करने, व्यापारिक अनुशासन बनाए रखने तथा आम नागरिकों के हितों की रक्षा हेतु सक्रिय भूमिका निभाएंगी। कामडारा | लगातार ट्रांसफार्मर खराब होने से परेशान पकरा रेलवे स्टेशन टोली के ग्रामीणों ने सहायक विद्युत अभियंता कामडारा से नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग रखी है। ग्रामीणों ने बताया कि कामडारा प्रखंड क्षेत्र के सरिता पंचायत के अंतर्गत गांव पकरा रेलवे स्टेशन टोली पर विगत 13 अप्रैल को वज्रपात के चपेट मे आने के कारण 25 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था।इसके बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बाद गत् 19 अप्रैल को गुमला पुनः एक ट्रांसफार्मर लाकर लगाया गया।लेकिन वह ट्रांसफार्मर भी इधर गत 3 मई को पुनः खराब हो गया है। इधर, रविवार को ग्रामीण बसंत तोपनो, हेरमन बरला, रेजन सुरीन, संदीप केरकेट्टा, शाहिल स्वांसी, सलमोन गुड़िया, ओमोन सुरीन, सोमरा तोपनो सहित अन्य ग्रामीणों ने एक हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सहायक विद्युत अभियंता कामडारा और विधायक जिगा सुसारन होरो को भेजकर यथाशीघ्र पकरा स्टेशन टोली मे नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।


