हवन-पूजन के साथ दी पूर्णाहुति, भंडारा भी

भास्कर न्यूज | पटना ग्राम पंचायत छिंदिया में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। पूर्णाहुति, हवन और विशाल भंडारे के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन किया गया, जिसमें समूचा क्षेत्र श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आया। कथा के अंतिम दिन विशेष यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने अग्निदेव को आहुतियां समर्पित कीं और क्षेत्र की खुशहाली व सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में छिंदिया सहित आसपास के गांवों से आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सात दिनों तक चले इस आयोजन में कथावाचक राकेश शुक्ला ने अपनी अमृतवाणी से भक्त प्रह्लाद, सुदामा चरित्र और गोवर्धन पूजा जैसे प्रसंगों का जीवंत वर्णन किया। आकाश यादव और उनकी मंडली द्वारा प्रस्तुत संगीतमय भजनों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। भक्ति और संगीत के इस संगम ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया। इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष जयराम कुशवाहा के नेतृत्व में पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत की। ग्राम सरपंच हेमलता सिंह और उपसरपंच अंजू जायसवाल की सक्रिय भागीदारी के साथ-साथ कृष्णकुमार, आशीष जायसवाल, तिरेश्वर, राजू और शिवप्रताप सिंह सहित पूरी युवा टीम का विशेष योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *