हवलदार श्रीकांत तिवारी का कोंडागांव में स्वागत:23 वर्ष देश सेवा के बाद लौटे अपने नगर, युवाओं से सेना में शामिल होने की अपील की

भारतीय थल सेना के आर्मी एयर डिफेंस में 23 वर्षों तक देश सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हुए हवलदार श्रीकांत तिवारी का सोमवार को कोंडागांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव, स्थानीय नागरिकों, परिवारजनों, मित्रों और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने उनका अभिनंदन किया। श्रीकांत तिवारी के गांधी चौक पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। इस दौरान आतिशबाजी की गई, आरती उतारी गई और उन्हें पुष्पमालाएं पहनाई गईं। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय जवान जय किसान’ जैसे देशभक्ति नारों से गांधी चौक गूंज उठा। स्वागत जुलूस में उमड़ी भीड़ ने किया हवलदार सम्मान इसके बाद गांधी चौक से बस स्टैंड होते हुए अलबेड़ा पारा स्थित उनके निवास तक एक जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में मांदरी नृत्य, देशभक्ति गीत और डीजे की धुनें शामिल थीं। रास्ते भर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। हवलदार तिवारी ने बताया कि उनका चयन 14 जुलाई 2003 को भारतीय थल सेना के आर्मी एयर डिफेंस में हुआ था। नासिक में एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद उनकी पोस्टिंग गुजरात, राजस्थान, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और श्रीनगर में रही। वे 30 नवंबर 2025 को हरियाणा से सेवानिवृत्त हुए। हवलदार श्रीकांत ने की युवाओं से सेना में शामिल होने की अपील इस अवसर पर हवलदार श्रीकांत तिवारी ने कहा, “23 वर्ष देश की सेवा कर जो आनंद और गौरव मिला है, वह जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। मैं जिले के युवा साथियों से आग्रह करता हूं कि वे सेना में भर्ती होकर देश सेवा में आगे आएं।” उन्होंने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, नगरवासियों और मित्रगणों द्वारा दिए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अब परिषद के साथ जुड़कर समाज सेवा में अपना योगदान देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *