हांसी शहर थाना पुलिस ने FCI के 33 टन गेहूं की अवैध बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सरकारी गोदाम से 660 बोरी गेहूं रास्ते में बेचने का आरोप है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के दौरान की गई। थाना शहर हांसी में तैनात एएसआई जोगेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलवर (राजस्थान) निवासी मौसम खान पुत्र हंसमुख के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी न्यू एफआरएल ट्रांसपोर्ट कंपनी है, जो अलवर में 20 फुटा रोड, राजेश मोटर्स के पास स्थित है। ट्रक में लोड किया 660 बोरी गेहूं आरोपी मौसम खान ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई 2022 को उसने अपने ट्रक (नंबर HR-74A-7350) पर ड्राइवर मुबारिक खान को FCI हांसी से गेहूं लोड कराने के लिए भेजा था। ट्रक में 660 बोरी गेहूं लोड किया गया था, जिसे हांसी से बांदीकुई (राजस्थान) पहुंचाया जाना था। इस संबंध में एफसीआई गेट पास और रोड कैरियर बिल्टी भी बनाई गई थी। रास्ते में बेचा FCI का गेहूं पुलिस के अनुसार, ट्रक 28 जुलाई को हांसी से रवाना हुआ था। हालांकि, 29 और 30 जुलाई को जब बांदीकुई में ट्रक के पहुंचने की जानकारी ली गई, तो पता चला कि वह वहां नहीं पहुंचा है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने FCI का गेहूं तय स्थान तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही बेच दिया था। आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर भेजा शहर थाना पुलिस ने आरोपी मौसम खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस गेहूं की बिक्री, पैसों के लेन-देन और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ करेगी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


