रांची | झारखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार को वेटरनरी कॉलेज में प्रोफेसर कम चीफ साइंटिस्ट की नियुक्ति मामले की सुनवाई हुई। जस्टिस आनंद सेन की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से जवाब तलब किया है। अदालत ने आयोग से यह स्पष्ट करने को कहा है कि संबंधित नियुक्ति प्रक्रिया कितने दिनों में पूरी कर ली जाएगी। अदालत ने जेपीएससी को विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि जेपीएससी ने रांची वेटरनरी कॉलेज में प्रोफेसर कम चीफ साइंटिस्ट पद पर नियुक्ति के लिए वर्ष 2017 में विज्ञापन जारी किया था, लेकिन आठ वर्षों के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। लंबे समय से प्रक्रिया लंबित रहने के कारण योग्य अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में अरविंद कुमार शर्मा एवं अन्य की ओर से याचिका दायर की गई है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद निर्धारित की है।


