हाईवा से टकरा कर बाइक सवार दो लोगों की मौत

भास्कर न्यूज | कवर्धा पंडरिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे- 130(ए) पर सोमवार रात करीब 8 बजे भयानक सड़क हादसा हुआ। पंडरिया से महज 2 किलोमीटर दूर नवागांव हट्‌हा के पास हाईवा क्रमांक- सीजी 09 जेएन 8333 से टकरा कर मोटर साइकिल सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान धर्मसाय बंजारे पिता स्व. मिठईलाल बंजारे (35) निवासी भूमिया पारा थाना फास्टरपुर (मुंगेली) और मुकेश पिता अशोक कुर्रे (25) निवासी सूरजपुरा कला थाना कुंडा के रूप में हुई है। दोनों युवक भोरमदेव मंदिर से दर्शन करके गांव लौट रहे थे। घटना उस समय हुई, जब रात का अंधेरा गहरा था। बाइक चालक मुकेश और उसके साथी दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। लेकिन हादसे को लेकर जो सबसे बड़ा कारण था, वह हाईवे पर अंधेरे का होना था। नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण पर 351.19 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन हाईवे किनारे बसाहट वाले इलाकों में रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइटें तक नहीं लगाई गई है। पांच घंटे हाईवे जाम, वाहन मालिक ने दिया आश्वासन 15 मिनट बाद ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पहले शव को मरच्यूरी भेजा गया, लेकिन दूसरे शव को उठाने के प्रयास के दौरान स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया और शव उठाने से रोक दिया। नायब तहसीलदार संजय मौध्या और पुलिस अधिकारी मौके पर समझाने पहुंचे, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन करीब 5 घंटे तक चला। देर रात 1.30 बजे वाहन मालिक ने मुआवजा देने का आश्वासन मिलने के बाद हाईवे खुल सका। पोंडी से पंडरिया होते हुए मुंगेली तक एनएच- 130(ए) का चौड़ीकरण लगभग पूरा हो चुका है। 351.19 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। सड़क चमकदार है, चौड़ी है, लेकिन जहां बसाहट है वहां स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाए गए हैं। रात के समय यह हाईवे घुप अंधेरे में डूबा रहता है और यह अंधेरा हर दिन जिंदगी छीन रहा है। यह कोई पहली घटना नहीं है। कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन हर बार मुआवजा का आश्वासन देकर मामला दबा देता है। लोग अब न केवल सड़क, बल्कि सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *