बालोतरा जिले के कुड़ी गांव के पास बाड़मेर-जोधपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसा हुआ। इसमें कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसका एक पैर कट गया। यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, एक कार जोधपुर से बालोतरा की ओर आ रही थी, जबकि मोटरसाइकिल सवार युवक पचपदरा से कुड़ी गांव की तरफ जा रहा था। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को निजी वाहन से बालोतरा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। घायल युवक की पहचान उपरलाई निवासी भंवरलाल (27) पुत्र भगवानराम भादू के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पचपदरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।


