धार-धामनोद गुजरी मार्ग पर ग्राम जामन घाटी के समीप मोड़ पर गुरुवार देर शाम लोडिंग वाहन और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दोनों वाहनों में शव फंस गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से निकाला गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम बगड़ी स्थित इलेक्ट्रिक बाइक के शोरूम संचालक पवन पटेल गुरुवार को बगड़ी स्थित बाइक शोरूम से अपनी कार से घर, ग्राम डोल धामनोद के लिए निकले थे। इस दौरान, रात को जामन घाटी के समीप अंधे मोड़ पर धामनोद की तरफ से बदनावर की ओर जा रहे लोडिंग वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ही वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। वाहन में फंसे शव : दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर नालछा थाना प्रभारी कैलाश बारिया मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस के नितेश कारपेंटर व पायलट निर्मल धनगर की मदद से दोनों वाहनों में फंसे शव निकाले गए। ग्राम डोल धामनोद निवासी पवन पटेल और बदनावर निवासी चालक फरीद शाह की मौके पर मौत हो गई। बदनावर निवासी दिलीप मोदी (48) गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इंदौर रेफर किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए।


