भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम जमही मुख्य मार्ग टोल प्लाजा के पास निर्माणाधीन मंदिर के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रीतम बारला (25) की मौत हुई थी। इस मामले में गाड़ी की पहचान के लिए घटनास्थल पर मिले नंबर प्लेट को राजहरा पुलिस ने आरटीओ दुर्ग को भेजा है। पुलिस के अनुसार वाहन खरीदी के बाद दुर्ग आरटीओ में रजिस्ट्रेशन हुआ है। इस वजह से रिकॉर्ड दुर्ग में ही मिल सकता है। वहीं परिजनों से बयान के बाद राजहरा थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106, 281 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक के पिता शिवचरण बारला, भाई सितेश बारला, गवाह झगरू राम किसान, हुमन लाल, नंद कुमार सहारे, पिरीत कुमार बारला, मालिक राम से बयान लेने पर यह तथ्य सामने आया कि 16 अप्रैल को प्रीतम कुमार बारला बाइक से अपने बुआ के परिवार में शादी कार्यक्रम में शामिल होने दानीटोला गया था। वहां से किल्लेकोड़ा आ रहा था। इस दौरान रात 8 बजे जमही टोल प्लाजा के सामने निर्माणाधीन मंदिर के पास विपरीत दिशा से आ रही वाहन चालक ने ठोकर मार दिया। घटना के बाद जिला अस्पताल बालोद ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।


