भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर से लगे पत्थलगांव एनएच में लुचकी घाट के पास शुक्रवार देर शाम को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जिन दो युवकों की मौत हुई थी, उनकी पहचान हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया था, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मृत युवकों की पहचान ग्राम बनेया सीतापुर निवासी आदित्य व बतौली निवासी रितेश पैकरा के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम ग्राम बनेया सीतापुर निवासी अनिश है। तीनों बाइक पर शुक्रवार शाम को अंबिकापुर आ रहे थे। बाइक आदित्य की थी। उनके अंबिकापुर जाने के बारे में परिजनों को भी पता था। इस बीच लुचकी के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इधर, घटना की सूचना पर तीनों के परिजन सुबह अंबिकापुर पहुंचे। पीएम के बाद रितेश व आदित्य का शव लेकर परिजन दोपहर बाद घर लौट गए। दुर्घटनाकारी वाहन के बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक युवक व एक बुजुर्ग शामिल है। पहला हादसा सूरजपुर के बसदेई के पास हुआ, जिसमें पैदल जा रहे युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में जूर बसदेई निवासी जयमंगल 30 वर्ष घायल हो गया। पता चलने पर परिजनों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी देर रात मौत हो गई। दूसरा हादसा बलरामपुर जिले के सनावल के पास हुआ। ग्राम बैकुंठपुर सनावल निवासी नरेंद्र सिंह मंदिर में पूजा करते थे। वह घूमते रहते थे। पिछले दिनों वे घर से निकले थे। सनावल के पास उनकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर संजीवनी की टीम ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाकर भर्ती करा दिया। पता चलने पर परिजन भी पहुंचे। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।


