गहरी धुंध के बीच हादसे से बचाव के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने रिफ्लेक्टर व साइन बोर्ड लगाने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही हाईवे से सारा सामान भी हटाया दिया है। गहरी धुंध के बीच हाईवे पर एक्सीडेंट के खतरे भी बढ़ गए हैं। जालंधर-अमृतसर हाईवे पर पठानकोट चौक, लम्मा पिंड चौक और ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर के दोनों तरफ रिफ्लेक्टर लगाने का काम पूरा हो चुका है। इन जगहों पर प्लास्टिक के ड्रम रखे हुए थे। इन्हें हटाया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से एनएचएआई हाईवे पर लगीं लाइटों को भी ठीक करवा रहा है। वहीं जिन जगहों पर हादसों का खतरा ज्यादा है, वहां 20 से 30 मीटर पहले डेंजर जोन के बोर्ड भी लगाए जाएंगे। ताकि हादसों से बचाव हो सके। 1093 पर संपर्क कर दे सकते हैं हादसों की जानकारी- नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी संदीप ने बताया कि अगर हाईवे पर किसी तरह का कोई हादसा होता है तो नेशनल हाईवे अथॉरिटी के नंबर 1093 पर संपर्क कर सकते हैं। हाईवे पर लगी लाइटें ठीक की जा रहीं हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए जा रहे हैं।


