हायना के शिकार पर जंगली सुअर और कौवे का कब्जा:पर्यटकों ने किया वीडियो रिकॉर्ड,हायना दूर खड़ी देखती रही

अलवर के सरिस्का टाइगर रिज़र्व में शनिवार सुबह की पहली सफारी पारी के दौरान पर्यटकों को जंगल का एक दुर्लभ और रोमांचक दृश्य देखने को मिला। दिल्ली–गुड़गांव से आए पर्यटकों ने सफारी के दौरान हायना को शिकार के बाद जंगल में इधर-उधर भटकते हुए देखा, जिसका वीडियो भी बनाया गया। यह दृश्य सरिस्का के सफारी ज़ोन के कटाई मोड़ के पास देखा गया। जानकारी के अनुसार, सफारी जीपों के मौके पर पहुंचने से पहले ही हायना ने एक खरगोश (रेबिट) का शिकार कर लिया था। शिकार के कुछ देर बाद वहां एक जंगली सुअर पहुंचा और उसने हायना के किए गए शिकार पर कब्ज़ा कर लिया। हायना कुछ दूरी पर खड़ी होकर शिकार को देखती रही। इसी दौरान कौवे भी मौके पर पहुंच गए और जंगली सुअर के साथ मिलकर शिकार को खाने लगे। शनिवार सुबह की पहली पारी में करीब 12 से 14 जिप्सियों में सवार लगभग 50 पर्यटक सफारी पर निकले थे। अचानक सामने हायना दिखाई देने पर पर्यटक रोमांचित हो उठे और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किए। सरिस्का टूरिज़्म के रेंजर हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि यह दृश्य पर्यटकों के लिए बेहद रोमांचक और प्राकृतिक व्यवहार को दर्शाने वाला था। जंगल में शिकारी और अन्य जीवों के बीच इस तरह का परस्पर व्यवहार प्राकृतिक संतुलन का हिस्सा है, जिसे देखकर पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *