सुनील कुमार. अमृतसर| नगर निगम की अनदेखी का खामियाजा शहर के दुकानदार और आम जनता भुगत रही है। हाल गेट, पाहवा वाला बाजार के बिल्कुल सामने निगम द्वारा बनाया गया शौचालय पिछले दो वर्षों से सफेद हाथी साबित हो रहा है। आलम यह है कि यह शौचालय ताले में बंद है और दुकानदार यहां-वहां भटकने को मजबूर हैं। शौचालय बंद होने के कारण कई लोग मजबूरी में इसकी दीवार के बाहर ही यूरिन करते हैं, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है। यही हाल हाल गेट के पास बने एक अन्य बाथरूम का है, जो एक साल से बंद पड़ा है। स्थानीय दुकानदार सुरजीत सिंह ने बताया कि बाजार में कई दुकानदार शुगर और अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं, जिन्हें बार-बार शौचालय जाने की जरूरत पड़ती है। शौचालय बंद होने से उन्हें भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। हाल गेट में ताला लगा बाथरूम, पास ही दुकानदार बाहर यूरिन करने को मजबूर है । दुकानदारों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जनता के पैसे से ये बाथरूम बनवाए थे, तो इन्हें ताले लगाकर क्यों रखा गया है? बाजार आने वाले ग्राहकों और महिलाओं को भी इस स्थिति के कारण शर्मिंदगी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि अमृतसर नगर निगम इन शौचालयों को तुरंत चालू करे ताकि स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ने से बच सकें।


