जालंधर | पीसीएम एसडी कॉलेज फॉर विमेन में विश्व हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बीए और बीए-बीएड पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हिंदी भाषा की प्रासंगिकता एवं वैश्विक महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में रोमिल, मनु कौशल, कनिष्का और दिवंती सहित अनेक छात्रों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने भाषणों में विश्व स्तर पर हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी भारत की राष्ट्रीय पहचान की एक सशक्त आवाज है। साथ ही उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि हिंदी भाषा का विकास भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से गहराई से जुड़ा हुआ है, जो विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देता है। इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष नरेश बुधिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद दादा, प्रबंध समिति के अन्य सम्मानित सदस्यों एवं प्रिंसिपल डॉ. पूजा पराशर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों के बीच हिंदी भाषा और साहित्य को प्रोत्साहित करने के लिए की गई इस पहल की सराहना की। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डॉ. नीना मित्तल और दीवाक्षी के प्रयासों की भी प्रशंसा की।


