हिंदू संगठन का चक्काजाम, 5 KM तक गाड़ियां फंसीं:खरगोन के कसरावद में पुलिस पर बेवजह लाठीचार्ज का आरोप; 5 थानों की पुलिस पहुंची

खरगोन जिले के कसरावद में मामूली विवाद के बाद हिंदू संगठनों ने थाना प्रभारी के निलंबन की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया है। शहर के जय स्तंभ चौराहे पर इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लगा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए हिंदू समाज के लोगों के साथ अभद्रता और मारपीट की है। जब तक कसरावद थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। स्थिति देखते हुए आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया है। एसडीओपी श्वेता शुक्ला, महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल, मेनगांव थाना प्रभारी पंकज तिवारी, मंडलेश्वर टीआई दीपक यादव, खरगोन डीआरपी लाइन प्रभारी कैलाश चौहान समेत कुल 50 पुलिसकर्मी मौजूद है। बस के यात्रियों के बीच हुआ था विवाद
मामला एक बस के यात्रियों के बीच विवाद से जुड़ा है। इंदौर से खरगोन की तरफ आ रही मां शारदा ट्रैवल्स की यात्री बस खलघाट में महावीर होटल पर नाश्ते के लिए रुकी। होटल में एक हिंदू लड़के को पैर गलती से मुस्लिम महिला को लग गया। इस बात पर मुस्लिम समाज के तीन युवकों ने हिंदू लड़के को पीट दिया। अन्य यात्रियों ने मामला शांत कराया। बस होटल से आगे ही बढ़ी थी कि अरिहंत नगर के पास हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे रुकवा लिया। यहां दोनों पक्षों के बीच बहस के बाद पुलिस बुलाई गई, जो बस कसरावद थाने ले आई। थाने में बातचीत के बाद टीआई ने ड्राइवर को बस आगे ले जाने की अनुमति दे दी। बस छोड़ने पर हिंदू संगठन का विरोध
हिंदू संगठनों ने बस को छोड़ने का विरोध किया। वे थाने से निकलकर सामने स्थित जय स्तंभ चौराहे पर इकट्ठा हो गए। नारेबाजी करने लगे। उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हलका बल प्रयोग किया इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बेवजह अभद्रता और लाठीचार्ज करने का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। फिलहाल हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं से सीनियर अफसर बात कर रहे हैं। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *