भास्कर न्यूज | राजनांदगांव हाईवे पर भिलाई की स्टेट टॉपर महिमा साहू को रौंदने वाले थार क्रमांक सीजी 04 क्यूसी 8007 के अज्ञात चालक पर पुलिस ने धारा 106 के तहत हिट एंड रन का केस दर्ज कर लिया है। लेकिन थार में कौन-कौन सवार थे और इसे चला कौन रहा था, यह पुलिस अब तक पता नहीं लगा पाई है। पदयात्रा कर डोंगरगढ़ जा रही होनहार युवती की मौत की जांच में पुलिस की गति अचानक कमजोर हो गई है। पुलिस ने महिमा को ठोकर मारने वाले कार की पहचान मंगलवार को कर ली थी। गाड़ी के मािलक को भी सोमनी थाने बुलाया गया था, लेकिन थार को चला कौन रहा था, इसे बताने से पुलिस लगातार बच रही है। थाने में थार कार के मालिक ने कई जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद भी अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज करना पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है। सोमनी थाना प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। एक व्यक्ति को अभिरक्षा में भी रखा गया है। लेकिन घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस ने चालक की उजागर पहचान नहीं की है। इससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मौज-मस्ती के फेर में गई होनहार मिहमा की जान हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक थार में चार से पांच लोग सवार थे। जिसमें कुछ युवतियां भी थी। कार ड्राइव कर रहे आरोपी ने पहले तो रिजर्व रुट में जानबूझकर गाड़ी डाली। इसके बाद लगातार स्टेयरिंग को इधर-उधर घुमाकर मस्ती करने लगा। अचानक स्पीड बढ़ाता फिर ब्रेक भी लगाता। इसी मौज मस्ती के बीच थार के चालक ने अपने दोस्तों के साथ आ रही महिमा साहू को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। नवरात्रि के दौरान हुई इस घटना के बाद महिमा के घर में मातम छाया हुआ है।


