करौली के हिण्डौन सिटी स्थित गवर्नमेंट कॉलेज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त लोकतंत्र का निर्माण हो सके। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) और मेरा युवा भारत, करौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसका मुख्य लक्ष्य युवाओं को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र को मजबूत करने में उनकी भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी करौली, शरद त्रिपाठी ने की, जबकि प्रिंसिपल डॉ. पप्पू राम कोली मुख्य अतिथि रहे। ईएलसी प्रभारी डॉ. रितेश जैन और राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी शालिनी गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ईएलसी प्रभारी डॉ. रितेश जैन ने बताया कि “माय इंडिया, माय वोट” थीम के तहत महाविद्यालय में रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र और मताधिकार विषय पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्य डॉ. पप्पू राम कोली ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, और इसके सफल संचालन में युवा मतदाताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी ने जोर दिया कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आगामी मतदाता जागरूकता पदयात्रा के आयोजन की जानकारी दी और अधिक से अधिक नागरिकों से मतदान के लिए प्रेरित होने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को मेरा युवा भारत, करौली की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप स्किपिंग रोप और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राज्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय मतदाता दिवस से पूर्व सभी नव मतदाताओं को मतदान जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. दिनेश कुमार मीना, डॉ. श्रीनिवास गुर्जर और उपमा मीना शामिल रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक नंदिनी चौधरी, मनीष कुमार शर्मा, रहीस अहमद सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।


