कासं|सवाईमाधोपुर विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर जिला मुख्यालय की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में महिला मंडल द्वारा भजनों के माध्यम से महिलाओं को कार्यक्रम में भाग लेने का निमंत्रण दिया। महिला प्रमुख सोनी शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने घर-घर जाकर लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। महिला प्रमुख ने बताया कि 31 जनवरी को दोपहर एक बजे रणथंभौर रोड स्थित एक होटल में आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन किए गए तथा घर-घर महिला शक्ति को कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दिया गया। उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित श्री जानकी वल्लभ मंदिर से 31 जनवरी को प्रातः 11 बजे कलश यात्रा प्रारंभ होकर कॉलोनी में भ्रमण करती हुई हिंदू सम्मेलन के कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। कलश यात्रा के लिए प्रति महिला 100 रुपए का कूपन निर्धारित किया गया है। कूपन सभी घरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कलश एवं नारियल कूपन के माध्यम से ही दिए जाएंगे। महिला प्रमुख सोनी शर्मा ने मातृभक्ति एवं समाज से आग्रह किया है कि कलश यात्रा में सहभागी बनकर विराट हिंदू सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाएं।


