हिमाचल के पैरा एथलीट को मिला 2.50 करोड़ का पुरस्कार:आर्मी में थे, हमले में एक पैर खोया; एशियन गेम्स में जीते सिल्वर मेडल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पैरा एथलीट अजय कुमार को राज्य सरकार ने सम्मानित किया है। उनकी शानदार उपलब्धि के लिए 2.50 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। अजय ने 2023 में चीन में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में एथलेटिक्स में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था। 1990 में मंडी के नगवाईं में जन्मे अजय कुमार ने 2010 में भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना पूरा किया। 14 नवंबर 2017 को जम्मू-कश्मीर के उड़ी में एक सैन्य अभियान के दौरान उन्होंने अपना बायां पैर खो दिया। लेकिन इस चुनौती ने उनके हौसलों को और बुलंद किया। 2018 में हिमाचल प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव ललित ठाकुर की प्रेरणा से उन्होंने खेलों में अपना करियर शुरू किया। पुणे के आर्टिफिशियल लिम्ब सेंटर से चीता रनिंग ब्लेड प्राप्त कर उन्होंने दौड़ने का अभ्यास शुरू किया। उनकी मेहनत रंग लाई और 2021 में पैरा नेशनल खेलों में 6 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार द्वारा खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में की गई ऐतिहासिक वृद्धि का खेल जगत ने स्वागत किया है। अजय ने कहा कि यह कदम युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और उन्हें प्रोत्साहित करने में मददगार साबित होगा। उन्होंने इस सम्मान के लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *