हिमाचल में कोहरे ने बढ़ाई सर्दी:मैदानी इलाके शिमला से ठंडे, दिन के तापमान में उछाल, 10-11 को फिर से बारिश-बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 2 दिन बाद फिर से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- राज्य में आज और कल मौसम साफ रहेगा। मगर 9 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इस दिन अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है, जबकि 10 व 11 फरवरी को पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश-बर्फबारी होगी। बारिश-बर्फबारी से पहले आज मैदानी इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों के निचले इलाकों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाएगा। इससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर सकती है। इन क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से लगातार कोहरा पड़ रहा है। प्रदेश के निचले इलाकों में कोहरे के कारण सुबह, शाम और रात के समय कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। लोग आग का अलाव सेंकने को मजबूर हो गए हैं। मैदानी इलाके अब शिमला से भी अधिक ठंडे हो गए हैं। शिमला में दिन और रात का तापमान में निरंतर बढ़ रहा है, वहीं मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। जब तक कोहरा, तब तक ठंड रहेगी परेशान IMD के अनुसार जब तक कोहरे से राहत नहीं मिलती, तब तक निचले इलाकों में सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा। कोहरे के चलते प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। शिमला का पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मंडी के सुंदरनगर का 3.5 डिग्री सेल्सियस, कुल्लू के भुंतर का 2.1 डिग्री, धर्मशाला का 5.2 डिग्री, ऊना का 5.5 डिग्री, सोलन का 3.0 डिग्री और बरठी का 4.1 डिग्री तक गिर गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसैरी में न्यूनतम तापमान माइनस 14.1 डिग्री, ताबो में माइनस 11.4 डिग्री और कल्पा में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। दिन के तापमान में उछाल दिन के समय धूप खिलने से प्रदेश में अधिकतम तापमान में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक हो गया है। कांगड़ा में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक होकर 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 16.8 डिग्री, धर्मशाला में 3.6 डिग्री की बढ़त के बाद 21.0 डिग्री और कुल्लू के भुंतर में 4.3 डिग्री के उछाल के साथ अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके विपरीत, प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से कम बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *