हिमाचल में 3 दिन बाद फिर बर्फबारी:वेस्टर्न डिस्टरबेंस कल एक्टिव होगा, 3 फरवरी तक बरसेंगे बादल, 8 शहरों में माइनस में तापमान

हिमाचल प्रदेश में कल से वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा एक्टिव होगा। इसका असर 3 फरवरी तक रहेगा। खासकर, एक फरवरी को अधिक ऊंचे पहाड़ों में फिर भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है। इस दिन सभी 12 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट दिया गया है। कल (30 जनवरी) प्रदेश के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम साफ रहेगा। मगर अधिक ऊंचे क्षेत्रों में कल भी बारिश-बर्फबारी शुरू होगी। 31 जनवरी से पूरे प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के आसार है। बारिश-बर्फबारी से पहले आज पूरे प्रदेश में सुबह से ही धूप खिली हुई है। प्रदेशवासियों ने इससे कड़ाके की सर्दी से राहत की सांस ली है। बर्फबारी के कारण प्रदेश के आठ शहरों में रात का तापमान माइनस में चला गया है। ताबो का न्यूनतम तापमान -9.8 डिग्री और कुकुमसैरी -8.5 तक गिर चुका है। मशहूर पर्यटन स्थल मनाली और नारकंडा में भी तापमान माइनस में है। बिलासपुर-मंडी में छाया कोहरा, कल 8 जिलों में चेतावनी आज धूप जरूर खिली है। मगर सुबह के वक्त मंडी और बिलासपुर के कुछेक हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। बिलासपुर में इससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर गई। मगर सुबह 9 बजे के बाद धूप खिल उठी। मौसम विभाग अगले कल भी 8 जिले ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, चंबा, सोलन, मंडी और सिरमौर में सुबह 10 बजे तक कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे गिर सकती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है। सड़कें, बिजली व पानी बहाली के काम में तेजी प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण अभी भी चार नेशनल हाईवे समेत 885 सड़कें बंद पड़ी हैं। इसी तरह, 3237 बिजली के ट्रांसफॉर्मर ठप होने से सैकड़ों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। प्रदेश में 121 पेयजल योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। ऐसे में मौसम साफ रहने से इनकी बहाली के काम में तेजी आई है। लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति महकमा और बिजली बोर्ड इन सेवाओं की बहाली में जुटा हुआ है। मनाली में शिक्षण संस्थान आज बंद रहे मनाली सब-डिवीजन में आज शिक्षण संस्थान बंद रहे। डीसी कुल्लू ने भारी बर्फबारी के बाद सड़कें बंद होने की वजह से इसे लेकर बीती शाम ही आदेश जारी कर दिए थे। इस आदेश के तहत मनाली के स्कूल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), आंगनवाड़ी केंद्र, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेज (सरकारी एवं निजी) छात्रों के लिए बंद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *