हिमाचल प्रदेश विधानसभा में भर्ती पर बवाल मच गया है। दरअसल, विधानसभा सचिवालय प्रशासन ने 31 जनवरी को दो अलग-अलग अधिसूचना जारी करके विभिन्न पदों की 14 लोगों को भर्ती की है। इनमें में 10 चयनित लोग मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और विधानसभा उपाध्यक्ष के गृह जिला के लोग चुने गए हैं। भाजपा नेता एवं नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि इनकी भर्तियों में धांधली बरती गई है। इनकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 5 नौकरियां विधानसभा अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र व चंबा जिला में दी गई, जबकि 5 ही नौकरी मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर और 2 नौकरियां विधानसभा उपाध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र व जिला सिरमौर से है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या योग्य लोग इन्हीं तीन विधानसभा क्षेत्रों में थे? 65 विधानसभा में कोई काबिल युवा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि धांधली करके इन पदों पर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चहेतों को नौकरियां दी गई। विधानसभा में 4 रिपोर्टर में से 3 चंबा के
बता दें कि विधानसभा में रिपोर्टर के 4 पदों पर भर्ती की गई है। इनमें से 3 विधानसभा अध्यक्ष के जिला चंबा से संबंध रखते है, जबकि 2 चयनित युवक एक ही गांव से। सोशल मीडिया इंचार्ज को नौकरी दी- BJP
रणधीर शर्मा ने कहा, किसी के ड्राइवर के बेटे को नौकरी दे दी गई, किसी के सोशल मीडिया इंचार्ज को दे दी गई, इस तरह से जो नौकरियां दी गई। यह प्रदेश के बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक है। प्रदेश में 8 लाख से ज्यादा पंजीकृत बेरोजगार है। कांग्रेस सरकार की ऐसी भर्तियों से सभी आहत है। बेरोजगारों से भद्दा मजाक- रणधीर
रणधीर शर्मा ने कहा, CM साहब आपने जो 5 लाख सरकारी नौकरियां योग्यता के आधार पर और आरक्षण लागू करके देने की गारंटी दी थी, उसकी धज्जियां उड़ाने का यह जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने चयनित लोगों की नियुक्तियों की जांच करने और दोबारा से भर्ती करने की मांग की। भर्तियों में धांधली से युवा मायूस- बालकृष्ण
हिमाचल प्रदेश शिक्षित बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बाल कृष्ण ने बताया कि अधीनस्थ चयन सेवाएं बोर्ड हमीरपुर को धांधलियों की वजह से ही बंद किया गया था। अब विधानसभा में ही धांधली हुई है। उन्होंने इन नियुक्तियों को रद्द करने की मांग की है। इससे युवाओं का मनोबल गिरा है और युवा परेशान है। पूर्व DAG ने सवाल उठाए
पूर्व कांग्रेस सरकार में डिप्टी एडवोकेट जनरल (DAG) विनय शर्मा ने भी भर्तियों में गड़बड़ी के आरोप लगाए है। उन्होंने भी तीन ही विधानसभा क्षेत्र से युवाओं के चयन को गलत बताया। विधानसभा में भर्तियों के मामले में कांग्रेस सरकार सोशल मीडिया में भी बुरी तरह घिर रही है। लोग इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।


