साहस, देशभक्ति और युवाओं के जज्बे का प्रतीक एक गौरवशाली पर्वतारोहण अभियान गुरुवार को जयपुर से शुरू हुआ। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र से रवाना हो रही 6 सदस्यीय टीम को हरी झंडी दिखाकर अभियान के लिए रवाना किया। यह दल हिमालय की गढ़वाल रेंज में स्थित 12,600 फीट ऊंची बर्फीली केदारकंठा चोटी पर भारतीय तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ निकला है। मौसम अनुकूल रहने की स्थिति में इस टीम ने आगामी 25 दिसंबर 2025 को केदारकंठा की चोटी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर दीया कुमारी ने टीम के साहस, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा- इस तरह के पर्वतारोहण अभियान युवाओं में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का हौसला पैदा करते हैं। यह दल सुरक्षित और सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगा। उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजस्थान के युवाओं का यह प्रयास पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है और तिरंगे को बर्फीली चोटियों पर फहराने का संकल्प गर्व का विषय है।


