उदयपुर शहर के हिरणमगरी क्षेत्र में नगर निगम ने समझाइश कर 13 पथ विक्रेताओं को नोन वेंडिंग जोन से वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया। इससे अब वहां पर मार्ग पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। इधर, निगम ने मल्लातलाई में एक दुकान को सीज भी किया। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि हिरणमगरी सेक्टर 4 के आसपास खड़े रहने वाले 13 पथ विक्रेताओं को नॉन वेंडिंग जोन से सेक्टर 4 में ही वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व शहर में ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित किया गया था जो नोन वेंडिंग जोन घोषित है लेकिन वहां पर पथ विक्रेता अपना व्यवसाय कर रहे हैं। ऐसे सभी पथ विक्रेताओं के रोजगार को यथावत रखते हुए उन्हें समझाइश से वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने की सकारात्मक पहल शुरू की। पिछले कई समय से मुख्य मार्गो एवं प्रमुख चौराहों पर पथ विक्रेताओं के कारण सुचारू यातायात संचालन में कई तरह की समस्या हो रही है और इसी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से निगम द्वारा नए वेंडिंग जोन चिन्हित किए गए। इससे पहले एमबी कॉलेज के पास से 20 पथ विक्रेताओं को स्थानांतरित किया गया। इस दौरान जिला परियोजना अधिकारी ज्योति बाला पंवार, मुकेश कुमार कीर, हेमंत घारू, शहनाज़ खान आदि उपस्थित रहे। दुकान को किया सीज
नगर निगम ने गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर अनुज्ञा लेने के पश्चात व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मल्लातलाई क्षेत्र में मांस बिक्री करने वाली दुकान को सीज किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि कुछ समय पूर्व शहर में एक दुकानदार द्वारा गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर निगम से अनुज्ञा प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि संज्ञान में आने पर इसकी जांच की गई। जांच के दौरान अनुज्ञा के समय दिए गए दस्तावेजों का पुनः मूल्यांकन किया गया जिसमें दिए गए दस्तावेज वैद्य नहीं पाए गए। इस पर दुकान को सीज कर दिया गया। इस दौरान स्वास्थ निरीक्षक राजेश बंधू, वरिष्ठ सहायक शिवराज सिंह चौहान एवं चेतन जैन उपस्थित रहे।


