हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट में एक कप चाय ₹86 की मिलेगी। एक मैगी 143 रुपए और सैंडविच 152 रुपए का पड़ेगा। कल (14 अप्रैल) PM नरेंद्र मोदी ने हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। जिसके बाद यहां से अयोध्या के लिए फ्लाइट रवाना की गई। इसके बाद एयरपोर्ट के भीतर कैंटीन भी खोल दी गई है। जिसमें यह रेट तय किए गए हैं। हालांकि एयरपोर्ट अथॉरिटी का तर्क है कि यहां क्वालिटी और क्वांटिटी, दोनों अच्छी और ज्यादा होंगी। वहीं, दिल्ली से हिसार और फिर अयोध्या फ्लाइट जाने के लिए भी पूरा टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। जल्द एयरपोर्ट से हवाई उड़ानों का विस्तार भी हो सकता है। अयोध्या और दिल्ली के बाद जल्द जयपुर और चंडीगढ़ के लिए भी फ्लाइट शुरू हो सकती है। अगले महीने तक जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट शुरू की जा सकती है। चंडीगढ़-जयपुर के लिए प्रपोजल भेजा, अयोध्या की तर्ज पर चलेंगी फ्लाइट्स
हिसार एयरपोर्ट से इसी हफ्ते जयपुर और चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट शुरू हो सकती है। इन फ्लाइट्स को भी एलायंस एयर कंपनी ही शुरू करेगी। इन फ्लाइट्स को सीएम नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नागरिक उड्डयन विभाग के सलाहकार डॉ. नरहरि बांगड़ ने बताया कि जयपुर और चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में तीन-तीन दिन विमान सेवा शुरू करने का प्रपोजल बनाया गया है। यह प्रपोजल एटीसी को भेजा है। दो से तीन दिन में फ्लाइट्स का शेड्यूल मिलने की संभावना है। इन शहरों में भी अयोध्या की तर्ज पर ही फ्लाइट शुरू होंगी। यानी दोनों शहरों में फ्लाइट जाएगी और फिर वापस लौटकर आएगी। हिसार से चंडीगढ़ और हिसार से जयपुर की फ्लाइट्स का टाइम शेड्यूल मिलने के बाद विभाग के अधिकारियों व विमान सेवा देने वाली कंपनी के साथ बैठक होगी। इसमें किराया तय किया जाएगा। वहीं हिसार एयरपोर्ट को अब पूरी तरह एयरपोर्ट अथॉरिटी ने अपने नियंत्रण में ले लिया है। यहां अब सभी वर्क और निर्णय एयरपोर्ट अथॉरिटी के ही रहेंगे। वहीं, मई में जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी सीधी विमान सेवा शुरू करने की योजना है। इसके लिए भी विभाग के अधिकारी तैयारी कर रहे हैं। पहले दिन दिल्ली-हिसार-अयोध्या के विमान में चढ़े 220 यात्री
पहले दिन हिसार एयरपोर्ट से 220 यात्रियों ने विमान में सफर किया। इसमें दिल्ली से हिसार और हिसार से दिल्ली के लिए 120 यात्री विमान में बैठे तो हिसार से अयोध्या और अयोध्या से हिसार के लिए 100 यात्री पहुंचे। यात्रियों को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से इंतजाम किए गए थे। सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली से उड़कर हिसार पहुंची फ्लाइट में 64 यात्रियों ने सफर किया। उसके बाद हिसार से अयोध्या के लिए 59 यात्री, अयोध्या से हिसार के विमान में 41 और हिसार से दिल्ली की उड़ान में 56 यात्रियों ने सफर किया। *************** हिसार एयरपोर्ट से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… हिसार एयरपोर्ट से फ्लाइट का किराया-टाइमिंग क्या, बुकिंग कैसे होगी, 18 सवाल-जवाब में जानें फ्लाइट का किराया और टाइमिंग क्या है, एक बार में कितने यात्री जा सकते हैं। टिकटों की बुकिंग कैसे होगी? ऐसे ही 18 सवालों के जवाब पढ़िए…


