हिस्ट्रीशीटर की धमकी- एसपी साहब बर्खास्त न होना पड़ जाए:वीडियो पोस्ट कर बोला- 20 हजार लोगों को साथ लेकर चलता हूं

दतिया में पूर्व बसपा नेता से मारपीट करने वाले आरोपी ने एसपी सूरज वर्मा को धमकी दी है। आरोपी राजा जाटव उर्फ राजा बड़ौनी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें वह कह रहा है – लोकल नेता से मैंने मारपीट की है। एसपी साहब कहीं आपको बर्खास्त न होना पड़ जाए। राजा बड़ौनी 20 हजार लोग साथ लेकर चलता है। दरअसल, 20 जनवरी मंगलवार को दतिया में विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व बसपा नेता को बंधक बनाकर मारपीट की गई थी। कपड़े उतारकर आरोपियों ने वीडियो बना लिया था। कमथरा निवासी पीड़ित लोकेंद्र अहिरवार ने बुधवार को पुलिस में आरोपी राजा बड़ौनी और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी के बाद आरोपी राजा ने वीडियो बनाकर एसपी को धमकी दी है। लोकेंद्र अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने राजा बड़ौनी, चंद्रप्रकाश अहिरवार (राजा का भाई), उमेश अहिरवार (राजा का भाई), सतीश यादव, ठाकुरदास अहिरवार, राजदीप अहिरवार और पवन अहिरवार पर एफआईआर दर्ज की है। आरोपी राजा बड़ौनी वीडियो में कह रहा है – मेरे बड़े भाई चंद्रप्रकाश और उमेश अहिरवार उस समय घर में थे। गलत कार्रवाई न की जाए। एफआईआर से मेरे पिता और भाई का नाम हटाया जाए। कहीं ऐसा न हो कि चंद्रशेखर रावण को दतिया जिले में आना पड़े। मायावती जी हो, दामोदर यादव हो या फूल सिंह बरैया जी हों, जो शेड्यूल कास्ट के लिए काम कर रहे हैं, मैं उनके साथ हूं, हमेशा रहूंगा। लोकल नेता से मारपीट मैंने ही की है। इसमें मेरे साथी पूरण और दिनेश अहिरवार भी शामिल थे। मेरे ऊपर कार्रवाई करें, मेरे पिता और भाई पर नहीं। मेरे परिवार के सदस्यों पर एफआईआर सरासर गलत है। अगर सही जांच नहीं हुई तो एसपी साहब और टीआई साहब आपको नौकरी से बर्खास्त करवाकर रहेंगे। राजा बड़ौनी 20 हजार लोग साथ लेकर चलता है। चंद्रशेखर रावण दतिया आएंगे, आपको बर्खास्त कराकर रहेंगे। जेल से बाहर आते ही मारपीट कर दी
बड़ौनी थाना प्रभारी दिनेश राजपूत के अनुसार, आरोपी के घर दबिश दी गई, लेकिन आरोपी और उसका पूरा परिवार फरार मिला। घर पर ताला लगा हुआ है। राजा बड़ौनी एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से हत्या की कोशिश, मारपीट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह कोतवाली में दर्ज एक एफआईआर के मामले में जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने लोकेंद्र अहिरवार के साथ मारपीट की। आरोपी को जमानत देने वालों पर भी कार्रवाई होगी
एसपी सूरज वर्मा ने बताया कि आरोपी के पूरे आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी को जमानत देने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। आरोपी की लोकेशन लगातार जिले से बाहर मिल रही है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस बार ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जो नजीर बनेगी, ताकि कोई भी अपराधी इस तरह से पुलिस को चुनौती न दे सके। मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…. पूर्व बसपा नेता को बंधक बनाकर पीटा, कपड़े उतरवाए दतिया में विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व बसपा नेता को बंधक बनाकर मारपीट की गई। कपड़े उतार दिए। आरोपियों ने वीडियो बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। घटना 20 जनवरी मंगलवार की है। कमथरा निवासी पीड़ित लोकेंद्र अहिरवार ने बुधवार को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। लोकेंद्र ने शिकायत में बताया कि 2023 में बसपा से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। पूरी खबर पढ़ें….

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *