हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर आधी रात पुलिस की रेड:गांजा-शराब और डेढ़ लाख कैश जब्त, घर में सो रहा हिस्ट्रीशीटर पुलिस को चकमा देकर फरार

नए साल के सेलिब्रेशन में आपराधिक घटनाएं ना हो इसलिए गांजा सप्लायर, सटोरियों और आदतन अपराधियों पर कार्रवाई करने का निर्देश एसएसपी ने थाना प्रभारियों और एसीसीयू की टीम को दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और गांजा सप्लायर रवि साहू को पकड़ने के लिए शुक्रवार-शनिवार देर रात एसीसीयू टीम और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर में दबिश दी। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही हिस्ट्रीशीट रवि साहू छत के रास्तों से फरार हो गया। रेड मारने पहुंचे अफसरों ने मौके से उसके साथी मोहम्मद रफीक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रफीक के पास से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें सट्टा-पट्टी से जुड़े कागजात और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद मिले। इसके अलावा घर की तलाशी में शराब और गांजा भी मिला है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। हिस्ट्रीशीटर रवि साहू पर 79 केस दर्ज पुलिस सूत्रों के मुताबिक रवि साहू रायपुर का कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ अब तक 79 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। इनमें हत्या, चाकूबाजी, तस्करी, अवैध शराब और गांजा कारोबार जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वह कई बार जिला बदर भी किया जा चुका है, लेकिन हर बार जेल से बाहर आते ही फिर से अवैध गतिविधियों में सक्रिय हो जाता है। मुकेश बनिया भी फरार पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसीसीयू की टीम ने इसी दौरान मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया के घर पर भी दबिश दी थी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि मुकेश पिछले एक महीने से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इधर, देर रात तक कोतवाली पुलिस कार्रवाई में जुटी रही। इस दौरान कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार हिस्ट्रीशीटरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *