रायपुर में नाबालिग लड़की की चोरों ने की थी हत्या:दुर्ग के होटल में रेप करने के बाद आरोपियों ने की थी हत्या, शव राजेंद्र नगर में फेंककर हुए थे फरार; 28 दिन बाद गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके में 22 नवंबर को मिले नाबालिग लड़की की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में दो फरार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों का नाम पुलिस द्वारा हरीश और राहुल बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि नाबालिग किशोरी के साथ दुर्ग के एक होटल में दरिंदगी की गई और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पूरे मामले का खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी जल्द करेंगे। पुलिस के अनुसार, मृतिका की लाश 22 नवंबर को राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के एक खुले मैदान में संदिग्ध हालत में मिली थी। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मिले तकनीकी और मुखबिर इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर दुर्ग के एक होटल में ले गए थे, जहां उसके साथ दरिंदगी की गई। इसके बाद पहचान उजागर होने के डर से किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को रायपुर लाकर खुले मैदान में फेंक दिया गया। हत्या करने वाले आरोपी आदतन चोर पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी छत्तीसगढ़ के नामी चोर बताए जा रहे हैं। उनके कब्जे से करीब 50 से 60 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह जेवरात विभिन्न चोरी की वारदातों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी और किन-किन अपराधों में शामिल रहे हैं। राजेंद्र नगर थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या और चोरी से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत खुलासा किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *