हीरो हॉकी इंडिया लीग को लेकर रांची तैयार; स्टेडियम से लेकर पूरे शहर में हॉकी का उत्सव

हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) वीमेंस के दूसरे सीजन के आगाज से पहले रांची का मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम पूरी तरह सज-संवर चुका है। मैदान की टर्फ, फ्लड लाइट, दर्शक दीर्घा, मीडिया गैलरी, खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन समिति के अनुसार, दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। लीग को लेकर पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है। हॉकी इंडिया के अनुसार, लीग की शुरुआत 28 दिसंबर से होगी। पहला मुकाबला शाम 6:30 बजे से शुरू होना है, ऐसे में उद्घाटन के दिन दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट शाम 5 बजे खोल दिए जाएंगे। पहले मुकाबले से पूर्व भव्य उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें मिस वर्ल्ड 2017 और बॉलीवुड स्टार मानुषी छिल्लर अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। यह समारोह खेल के साथ मनोरंजन का भी बड़ा आकर्षण रहेगा। उद्घाटन दिवस को छोड़कर लीग के सभी अन्य मुकाबलों में दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट मैच शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले खोले जाएंगे। इससे दर्शकों को समय से स्टेडियम पहुंचने, अपनी सीट संभालने और माहौल का आनंद लेने का पूरा मौका मिलेगा। लीग शुरू होने से पहले सभी टीमें जोरदार अभ्यास में जुटी हैं। खिलाड़ी हर दिन करीब डेढ़-डेढ़ घंटे तक मैदान में पसीना बहा रहे हैं। कोचिंग स्टाफ विरोधी टीमों की ताकत और कमजोरियों का विश्लेषण कर रणनीति तैयार कर रहे हैं। अभ्यास सत्रों में फिटनेस, पासिंग, पेनल्टी कॉर्नर और मैच सिचुएशन पर खास फोकस किया जा रहा है। इस सीजन में चार मजबूत टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें रांची रॉयल्स, श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स, सूरमा हॉकी क्लब और दिल्ली एसजी पाइपर्स शामिल हैं। घरेलू दर्शकों के सामने खेलने वाली रांची रॉयल्स से फैंस को खास उम्मीदें हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *