हुबली आग में पाली के 4 व्यापारियों की दुकानें जली:लाखों रुपए का नुकसान, सरकार से आर्थिक सहायता की मांग

कर्नाटक के हुबली में आगजनी की घटना में पाली जिले के 4 व्यापारियों की दुकानें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। आंखों में आंसू लिए ये व्यापारी बोले- सालों की मेहनत से खड़ी की गई दुकानें कुछ ही मिनटों में राख हो गई। लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानों में आग लगने से कारोबारी सदमे में हैं और सरकार आर्थिक सहायता देने की मांग की है। हुबली के आकुंचनी गांव में लगी आग कर्नाटक के हुबली के पास आकुंचनी गांव में बुधवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच अचानक चार दुकानों में आग लग गई। आग लगने के समय दो दुकानों पर ताले लगे हुए थे। कुछ ही मिनटों में आग ने तेज रूप ले लिया और चारों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। ट्रक डेकोरेशन की थीं चारों दुकानें पाली जिले के सोजत क्षेत्र के खांभल गांव निवासी आरीफ खान और शबीर खान तथा पाली के मंडली निवासी इब्राहिम खान और नासिर खान, जो आपस में रिश्ते में भाई हैं, इन दुकानों के मालिक हैं। चारों की हुबली क्षेत्र में ट्रक डेकोरेशन की दुकानें थीं, जिनमें रखा लाखों रुपए का सामान आग में जलकर खाक हो गया। दमकल पहुंची, लेकिन बचा नहीं सका सामान आग लगने की सूचना पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेज होने के कारण काबू पाने में समय लगा। जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, तब तक चारों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। उर्स में गांव आए थे, पीछे सबकुछ जल गया आरीफ खान ने बताया कि उर्स के चलते वे परिवार और भाइयों के साथ सोजत के खांभल गांव आए हुए थे। उन्हें गांव आए करीब आठ से दस दिन हो चुके थे। इसी दौरान हुबली में दुकानों में आग लग गई और उनकी सालों की मेहनत जलकर नष्ट हो गई। शबीर खान ने बताया कि वे पिछले करीब आठ से दस साल से हुबली में रहकर अपना कारोबार चला रहे थे। चारों भाई मेहनत कर दुकानें चलाते थे और इन्हीं से परिवार का पालन-पोषण होता था। आगजनी की इस घटना ने उन्हें पूरी तरह से आर्थिक रूप से तोड़ दिया है। सरकार से मदद की मांग पीड़ित कारोबारियों ने कहा कि दुकानें जलने से उनके पास अब कुछ भी नहीं बचा है। लाखों रुपए का नुकसान हुआ है और दोबारा खड़े होना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से इस कठिन समय में आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *