पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। शनिवार की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरा टाँड गांव के पास एक युवक अवैध हथियार रखे हुए है। थाना प्रभारी हुसैनाबाद के नेतृत्व में विशेष टीम ने कार्रवाई की। टीम ने स्थल की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान सुभाष कुमार चौधरी के रूप में हुई। वह चनकार कस्तुरी का रहने वाला है। तलाशी के दौरान मिला देशी कट्टा तलाशी के दौरान आरोपी के कमर के पीछे से एक देशी कट्टा मिला। उसके पैंट की बाईं जेब से दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर जब्ती सूची तैयार की। इस मामले में हुसैनाबाद थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी समेत सात पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


