सीएम हेमंत सोरेन 23 जनवरी को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के ब्लावटनिक स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में व्याख्यान देंगे। इस दौरान वे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में टिकाऊ विकास के अनुभवों और चुनौतियों पर बात रखेंगे। मुख्यमंत्री संसाधन-समृद्ध राज्यों में टिकाऊ और हरित औद्योगीकरण, खनिज-आधारित उद्योग व समावेशी विकास को आगे बढ़ाने के मॉडल पर विचार साझा करेंगे। चर्चा का आधार प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण विकास रहेगा, जिसे झारखंड के विकास मॉडल की वैश्विक प्रस्तुति के रूप में देखा जा रहा है। इस संवाद में अल्पा शाह (ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में सामाजिक मानवशास्त्र की प्रोफेसर व ऑल सोल्स कॉलेज की फेलो) और माया ट्यूडर (ब्लावटनिक स्कूल में राजनीति एवं लोक नीति की प्रोफेसर) भी शामिल होंगी। ज्यूरिख में भारत के राजदूत से मुलाकात शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 से जुड़ी तैयारियों और एजेंडे पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड में डब्ल्यूईएफ और इसके बाद यूनाइटेड किंगडम यात्रा के दौरान ऊर्जा क्षेत्र के वैश्विक निवेशकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और नीति-निर्माण से जुड़े संस्थानों से संवाद करेगा।


