लुधियाना| अक्सर बाल झड़ने की समस्या होते ही सबसे पहले शक शैम्पू पर किया जाता है। लोग ब्रांड बदलते रहते हैं, महंगे प्रोडक्ट्स आजमाते हैं, लेकिन राहत नहीं मिलती। जबकि सच यह है कि ज्यादातर मामलों में हेयर फॉल की जड़ शैम्पू नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें होती हैं, जिन पर हम ध्यान ही नहीं देते। बालों की देखभाल बड़े बदलावों से नहीं, बल्कि छोटी सही आदतों से होती है। अगर इन रोजमर्रा की गलतियों को समय रहते सुधार लिया जाए, तो बिना शैम्पू बदले भी हेयर फॉल पर काफी हद तक कंट्रोल पाया जा सकता है। {सबसे आम गलती गीले बालों में जोर से कंघी करना है। नहाने के बाद बाल सबसे कमजोर होते हैं। ऐसे में कंघी करने से बाल जड़ों से टूटने लगते हैं। कई लोग उलझे बालों को झटके से सुलझाते हैं, जिससे हेयर फॉल और बढ़ जाता है। सही तरीका यह है कि बालों को हल्का सूखने दें और फिर चौड़े दांतों वाली कंघी से नीचे से ऊपर की ओर धीरे-धीरे सुलझाएं। {टॉवल से बाल सुखाने का तरीका भी बड़ी भूमिका निभाता है। नहाने के बाद सिर पर टॉवल रगड़ना आम आदत है, लेकिन यही आदत बालों की क्यूटिकल लेयर को नुकसान पहुंचाती है। इससे बाल रूखे, कमजोर और टूटने वाले हो जाते हैं। बाल सुखाने के लिए टॉवल से हल्के हाथों से पानी सोखें या कॉटन कपड़े का इस्तेमाल करें।


