भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना छेहर्टा की पुलिस ने एक सप्ताह पहले साढ़े 4 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए मेन तस्कर भोला की निशानदेही पर मां-बेटों सहित 4 आरोपियों को काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 530 ग्राम हेरोइन और 10 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद किया है। आरोपियों की पहचान गुरु की वडाली निवासी महिला सिमरनजीत कौर (45), उसके दो बेटे जुगराज सिंह (20), नवराज सिंह (19), चाचे का बेटा दिलप्रीत सिंह के रूप में हुआ है। इसके अलावा इस मामले में पहले से पकड़े गए मेन मास्टरमाइंड आरोपी मनजीत सिंह उर्फ भोला निवासी गांव झंजोटी को भी नामजद किया गया है। डीसीपी लॉ एंड आर्डर ने बताया कि एक सप्ताह पहले दो किलो 192 ग्राम हेरोइन, 3 पिस्तौल, 2.60 लाख ड्रग मनी, कार और एक बाइक कब्जे में लेकर दो महिलाओं सहित 12 तस्करों को काबू किया था। जिसमें मेन मास्टर भोला को भी गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर मां-बेटों सहित 4 तस्करों को पकड़ा गया है। आरोपी महिला सिमरजीत कौर अपने दोनों बेटों के साथ बाइक पर बैठकर भोला से हेरोइन की खेप लेकर बेचने का धंधा करते थे।


