भास्कर न्यूज | मोगा जिला पुलिस ने नौ विभिन्न मामलों में 15 तस्करों को गिरफ्तार करके हेरोइन, नशीली गोलियां, अफीम, ड्रग मनी बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पहले मामले में थाना धर्मकोट के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने मुखबिर की सूचना पर गांव नूरपुर हकीमां में एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली तो 150 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव नूरपुर हकीमां के तौर पर हुई है। दूसरे मामले में थाना धर्मकोट के ही एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने गांव किशनपुरा खुर्द में दो लोगों को 200 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रविंदर सिंह और इंद्रजीत सिंह निवासी किशनपुरा कलां को गिरफ्तार किया है। तीसरे मामले में थाना सिटी साउथ के एएसआई सरताज सिंह ने बताया कि पुलिस ने गांव चड़िक में गाड़ी सवारों से आधा किलो अफीम बरामद की है। आरोपी नीरज, राहुल, अभिषेक निवासी जैपुर को काबू किया है। चौथे मामले में थाना बाघापुराना की एएसआई बिंदरपाल कौर ने बताया कि पुलिस पार्टी ने मुखबिर की सूचना पर गांव माहला कलां में एक महिला को रोककर उसके सामान की तलाशी ली तो उसमें से 30 ग्राम हेरोइन व 1200 रुपए ड्रग मनी बरामद हुई। महिला की पहचान छिंदर कौर निवासी बाघापुराना के तौर पर हुई है। पांचवें मामले में थाना बाघापुराना के ही एएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गांव राजेयाना में हरपाल सिंह निवासी कोटला मेहर सिंह वाला को 32 ग्राम हेरोइन व 1600 रुपए ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। छठे मामले में थाना सिटी साउथ एएसआई नाहर सिंह ने बताया कि उनकी पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र में एक महिला को रोककर उसके सामान की तलाशी लेने पर 10 ग्राम हेरोइन 1000 रुपए ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी नैना निवासी सादा वाली बस्ती को गिरफ्तार किया है। सातवें मामले में थाना बंधनी कलां के एएसआई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव लोपो में सुखप्रीत सिंह निवासी गांव रसूलपुर को 10 ग्राम हेरोइन व 1200 रुपए ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। आठवें मामले में थाना बंधनी कलां के ही एएसआई संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर बंधनी कलां में शक के आधार पर प्रताप सिंह और गुरजीत सिंह निवासी गांव राऊके कलां को गिरफ्तार करके केस दर्ज किया है। नौवें मामले में थाना निहाल सिंह वाला के एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने गांव बीड राऊके में धर्म सिंह, गुरसेवक सिंह निवासी बंधनी कलां को रोक कर उनकी तलाशी ली तो 40 नशीली गोलियां,10 ग्राम हेरोइन और 2000 रुपए ड्रग मनी बरामद हुई। पुलिस नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे नशा कहां से खरीद कर लाए थे।


