भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार ने राज्य के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ‘हेल्थ कार्ड योजना’ की वीरवार को औपचारिक शुरुआत कर दी। अमृतसर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाया। योजना को लेकर आम लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से विधायक जीवनजोत कौर ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह योजना पंजाब के हर उस नागरिक के लिए है जो यहां का निवासी और मतदाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना में किसी भी वर्ग के साथ कोई भेदभाव नहीं किया गया है। गरीब और मध्यम वर्ग सहित सभी जरूरतमंदों को समान रूप से कवर किया जाएगा, ठीक उसी तर्ज पर जैसे मुफ्त बिजली योजना का लाभ हर वर्ग को मिल रहा है। विधायक ने बताया कि योजना को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए शुक्रवार से वालंटियर घर-घर जाकर हेल्थ कार्ड बनाने के लिए लोगों का पंजीकरण करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना आम आदमी पार्टी के चुनावी वादों में भी शामिल नहीं थी, इसके बावजूद सरकार ने लोगों की भलाई को प्राथमिकता देते हुए इसे धरातल पर उतारा है। यह इस बात का प्रमाण है कि पंजाब सरकार केवल वादों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनहित से जुड़े नए कदम उठाने के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं, अमृतसर के केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. अजय गुप्ता, पश्चिम में विधायक डॉ. जसबीर सिंह संधू, अटारी में जसविंदर सिंह रमदास, बाबा बकाला में दलबीर सिंह टौंग के नेतृत्व में उक्त योजना की शुरूआत की गई। इस योजना में हिस्सा लेने के लिए पहुंची महिलाओं नीलम ने बताया कि इस योजना से काफी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर यह योजना जमीनी स्तर पर लागू हो जाती है, तो आम लोगों में परिवार के सदस्य के बीमार होने पर इलाज कराने की चिंता से मुक्ति मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद महिला शशि कुमारी ने कहा कि इससे पहले आयुष्मान कार्ड जरूर थे। लेकिन वे कुछ निजी अस्पतालों में नहीं चलते थे। जिस कारण काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब इस हेल्थ कार्ड के जरिए सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में अच्छा उपचार मिल सकेगा। आम आदमी पार्टी की ब्लाक प्रधान मोनिका गुप्ता और मंदीप कौर रंधावा ने बताया कि आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से चुनाव के दौरान ऐसी किसी सुविधा का कोई चुनावी वादा नहीं किया गया था। लेकिन सरकार हर वर्ग के लोगों को अच्छी सेहत मुहैया कराने के लिए इस योजना को लेकर आई है। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से उनकी ड्यूटी घर-घर जाकर लोगों की रजिस्ट्रेशन करने की लगाई गई है। रजिस्ट्रेशन के बाद लोग सीएससी केंद्रों में पहुंच कर अपने दस्तावेज मुहैया कराएंगे और उन्हें उक्त कार्ड हासिल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत समाज के हर वर्ग चाहे वह गरीब है या अमीर या फिर वह किसी भी जाति वर्ग के साथ जुड़ा है, उसे इसका फायदा पहुंचेगा।


