सीकर के सदर थाना इलाके में नेशनल हाईवे पर स्थित होटल के बाहर खड़ी गाड़ी का शीशा तोड़कर हजारों रुपए सहित अन्य सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरों ने गाड़ी का पीछे का शीशा तोड़कर पूरी वारदात को अंजाम दिया। चाय पीने के बाद जब युवक वापस लौटा तो उसे समान गायब मिला। अब युवक ने सीकर के सदर थाने में मामला दर्ज करवाया है। श्रीगंगानगर के 4सी छोटी निवासी विवेक साहू पुत्र बलदेव सिंह ने इस संबंध में सीकर के सदर पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 22 सितंबर की दोपहर 2:45 बजे के करीब वह सीकर में नेशनल हाईवे संख्या 52 पर भढाढर तिराहा के पास स्थित होटल हाईवे हवेली पर चाय पीने के लिए रुके थे। चाय पीने के बाद जब गाड़ी के पास आकर विवेक ने देखा कि गाड़ी का पीछे का शीशा टूटा हुआ है। गाड़ी से एक बैग चोरी है। जिसमें डॉक्यूमेंट्स,मोबाइल और करीब 40 हजार रुपए रखे हुए थे। फिलहाल विवेक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हैड कांस्टेबल सुभाष कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले सीकर के सदर थाना इलाके में 1 महीने पहले ऐसी ही 2 वारदात हुई। उन मामलों में भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी।


