भास्कर न्यूज | सुकमा बस्तरिया राज मोर्चा के सुकमा जिला प्रभारी रामा सोढ़ी ने गुरुवार को मजदूर दिवस पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने साल 2021-22 के 15 वनोपज समितियों का करीब 6.54 करोड़ बोनस राशि का भुगतान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बस्तर में इन दिनों तेंदूपत्ता संग्रहण जारी है, जो आदिवासियों की आजीविका का प्रमुख साधन है। जिले के बेरोजगार युवाओं को नौकरी नहीं मिलने से वे होटल, मार्ट, पेट्रोल पंप व दुकानों में काम कर रहे हैं। यहां उन्हें सम्मानजनक वेतन भी नहीं मिल रहा है। मोर्चा ने मांग की है कि ऐसे युवाओं को मनरेगा या कलेक्टर दर पर न्यूनतम पारिश्रमिक दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही जिले के सभी विभागों में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के खाली पदों पर स्थानीय बेरोजगारों की नियुक्ति में प्राथमिकता देने के साथ ही निर्माण कार्य विभाजन जनसंख्या के अनुपातमेंकरने की मांग भी की गई है।


