होटल संचालक व गार्ड से मारपीट, 7 आरोपी गिरफ्तार:दिन-दहाड़े होटल में मचाया था उत्पात, आरोपियों में आदतन बदमाश भी शामिल

अंबिकापुर में सिविल कोर्ट के सामने संचालित सेहम भोजनालय में उत्पात मचाते हुए होटल संचालक एवं गार्ड से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आदतन बदमाश भी शामिल हैं। होटल के सामने बेतरतीब गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद युवकों ने गार्ड एवं संचालक के साथ मारपीट की थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई की शाम लगभग 05.30 बजे विकास सोनी, चुम्मा शर्मा उर्फ़ दीपक शर्मा, विशाल मिंज, राहुल सिंह, अविनेन्द्र सिंह उर्फ़ सिप्पू, सिद्धार्थ त्रिपाठी, गोरा खान एवं अन्य लोग सेहत भोजनालय से खाना खाकर बाहर निकले। युवकों ने होटल के सामने गाड़ी बेतरतीब तरीके से खड़ी की थी। होटल के गार्ड सूरज द्वारा उन्हे अपने वाहन को सही तरीके से खड़ा करने के लिए कहा गया तो उन्होंने गार्ड से गाली-गलौज की। होटल में मचाया उत्पात, की तोड़फोड़
होटल संचालक दीपक जायसवाल ने युवकों को रोका तो उससे भी विवाद करते हुए युवकों ने स्टील के राड, डंडों से दीपक जायसवाल एवं गार्ड सूरज के साथ मारपीट की। युवकों ने होटल में तोड़फोड़ भी की। मामले में होटल संचालक दीपक जायसवाल की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर CCTV फुटेज देखने के बाद प्रकरण में धारा 191(2), 191(3), 234, 333 जोड़ा एवं आरोपियों की पतासाजी शुरू की। 7 आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने आरोपी अविनेन्द्र सिंह (32 वर्ष), विशाल मिंज (37 वर्ष), राहुल सिंह (37 वर्ष), सिद्धार्थ त्रिपाठी (32 वर्ष), गोरा खान उर्फ मो. जावेद सिद्धकी (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपी चुम्मा शर्मा उर्फ़ दीपक शर्मा (32 वर्ष) विकास सोनी उर्फ़ भोला सोनी (27 वर्ष) पूर्व में गिरफ्तार किए गए थे। घटना में शामिल एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में गोरा खान, विशाल मिंज एवं सिद्धार्थ त्रिपाठी के विरुद्ध पूर्व में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि सभी आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *