भास्कर न्यूज | लुधियाना हैबोवाल मेन रोड पर बेखौफ चोरों ने देर रात एक होलसेल दुकान को निशाना बनाकर करीब 1 लाख रुपये की नकदी और सामान चोरी कर लिया। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें दो नकाबपोश युवक लोहे की रॉड से शटर तोड़ते नजर आ रहे हैं। दुकान मालिक ज्योति जसरा ने बताया कि उनकी एसटीएन ट्रेडर्स के नाम से दुकान है, जहां सिगरेट और बीड़ी का होलसेल कारोबार होता है। सुबह जब उन्होंने मोबाइल पर कैमरे चेक किए तो दुकान का शटर टूटा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और गल्ला टूटा हुआ मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर गल्ले में रखी करीब 1 लाख रुपये की नकदी और बड़ी मात्रा में सिगरेट का स्टॉक ले गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दो युवक बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर पहुंचे। उनके हाथ में लोहे की एक बड़ी रॉड थी। उन्होंने रॉड की मदद से शटर को उखाड़ा। इसके बाद एक युवक दुकान के अंदर घुसा और करीब पांच मिनट तक गल्ले व सामान को खंगालता रहा। नकदी और माल समेटने के बाद वह बाहर निकला और दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। थाना हैबोवाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।


