युवक का अपहरण कर 3 घंटे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

भास्कर न्यूज | लुधियाना आईटीआई गिल रोड इलाके में 21 वर्षीय युवक का अपहरण कर उसे कई घंटों तक एक कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने मारपीट की वीडियो भी बनाई और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में दो दर्जन से अधिक युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान न्यू हरकृष्ण नगर, शिमलापुरी निवासी 21 वर्षीय सतनाम सिंह के रूप में हुई है। सतनाम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दोस्तों राजवीर और हरजोत के साथ मोटरसाइकिल पर आईटीआई गिल रोड से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। सतनाम के अनुसार अमन, आर्यन, हरमन सियापा, जीता समेत करीब 20 अज्ञात युवकों ने उसे जबरन एक बुलेट मोटरसाइकिल पर बैठाकर अगवा कर लिया। आरोपी उसे हरमन के घर ले गए, जहां एक कमरे में बंद कर करीब तीन घंटे तक लगातार मारपीट की गई। शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने मुक्कों से हमला किया और तेजधार हथियारों का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान उसकी पगड़ी उतारकर बेइज्जती की गई और उसकी चांदी की चेन व कड़ा भी उतार लिया गया। आरोपियों ने उससे जबरन माफी मंगवाई और पूरी घटना की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। शिमलापुरी थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *