लुधियाना। होली अगर इस बार घर पर मना रहे हैं तो थोड़ी सी क्रिएटिविटी से माहौल को बेहद खूबसूरत बनाया जा सकता है। बिना ज्यादा खर्च किए आप अपने घर को रंगों और खुशियों से भर सकते हैं। सबसे पहले प्रवेश द्वार को सजाएं। दरवाजे पर रंग-बिरंगी बंदनवार या फूलों की माला लगाएं। गेंदा और गुलाब के फूल होली की थीम के साथ खूब जंचते हैं। रंगोली भी हतरीन विकल्प है। सूखे रंगों की बजाय फूलों की पंखुड़ियों से रंगोली बनाएं, जिससे घर प्राकृतिक और ताजगी भरा लगे। ड्रॉइंग रूम में सफेद या हल्के रंग के कुशन कवर लगाकर उन पर रंग-बिरंगे दुपट्टे या स्टोल कैजुअली डाल दें। इससे होली का फेस्टिव लुक तुरंत उभरकर आएगा। अगर घर में बालकनी या छोटा सा आंगन है तो वहां रंगीन कागजी लालटेन लगाई जा सकती हैं। टेबल डेकोरेशन पर भी ध्यान दें। स्नैक्स टेबल को रंगीन प्लेट्स और मिट्टी के छोटे कटोरों से सजाएं। गुलाल से भरी छोटी-छोटी पिचकारियां या रंगीन कटोरियां सेंटर पीस के रूप में रखी जा सकती हैं। बच्चों के लिए एक छोटा सा फोटो कॉर्नर बनाएं। रंगीन परदे या दुपट्टों की बैकग्राउंड बनाकर वहां पिचकारी, टोपी और चश्मे जैसे प्रॉप्स रखें। इससे घर में ही यादगार तस्वीरें क्लिक की जा सकती हैं। अगर आप प्राकृतिक थीम पसंद करते हैं तो इनडोर पौधों के आसपास रंगीन रिबन बांध दें। हल्की खुशबू वाली मोमबत्तियां या अगरबत्ती जलाकर माहौल को और भी सुकून भरा बनाया जा सकता है। थोड़ी सी प्लानिंग और रंगों के सही इस्तेमाल से घर पर मनाई गई होली भी उतनी ही यादगार बन सकती है जितनी बाहर की। सबसे जरूरी है अपनों के साथ हंसी-खुशी का माहौल, क्योंकि असली सजावट तो रिश्तों की मिठास से ही होती है।


