ग्राम पंचायत सलखन और ग्राम पंचायत कुकदा में होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, पंच, व्यापारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सलखन के सरपंच रामकृष्ण कश्यप, कुकदा के सरपंच संतोष भारद्वाज और कुकदा के उपसरपंच महेशराम कश्यप सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे। सभी ने आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया। थाना उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल ने कहा कि होली खुशियों, उत्साह और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति जबरन रंग न लगाए, नशे में हुड़दंग न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि शांतिभंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू ने भी ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सतर्क है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी। बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।


