₹8 लाख निवेश विवाद में शोरूम संचालक को पीटा:रायपुर से लौट रहे शोरूम संचालक को बुलाकर लोहे के पंच किया वार, निवेश का पैसा डूबा तो की मारपीट

निवेश के नाम पर हुए लेन-देन के विवाद में भिलाई-3 में एक शोरूम संचालक के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसने निवेश में हुए नुकसान के बाद भी 16 लाख रुपए आरोपियों को चुका दिए, इसके बावजूद उससे लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। 23 दिसंबर की शाम उसे सिरसा गेट के पास बुलाकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए हमला किया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मिंटु कुमार झा ने बताया कि वह विश्वबैंक कॉलोनी, भिलाई-3 का निवासी है और दुर्ग में माधव ऑटो मोबाइल के नाम से इलेक्ट्रिक स्कूटी का शोरूम संचालित करता है। करीब एक वर्ष पहले उसका पूर्व परिचित एस. शिवशेखर राव, निवासी बालाजी नगर खुर्सीपार, उसके शोरूम आया था। बातचीत के दौरान उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहीं पैसा निवेश कराने की बात कही। इसके बाद शिवशेखर राव के परिचित गणेश अन्ना द्वारा 8 लाख रुपए निवेश के लिए दिए गए, जिन्हें पीड़ित ने अपने माध्यम से साहस इंफ्राटेक कंपनी, बिलासपुर में लगाया। मुलाकात के बहाने बुलाकर किया हमला
पीड़ित के मुताबिक 23 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे गणेश अन्ना और एस. शिवशेखर राव ने फोन कर सिरसा गेट, भिलाई-3 के पास मिलने बुलाया। रायपुर से लौटते समय वह वहां रुका। मौके पर गणेश अन्ना, शिवशेखर राव और उनका एक अन्य साथी मौजूद थे। तीनों ने मिलते ही पैसों की मांग शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़ित ने शांति से बैठकर बात करने और अपने पिता को बुलाने की बात कही, तो गणेश अन्ना भड़क गया। आरोप है कि उसने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ में पहने लोहे के पंच से पीड़ित की नाक और आंख के पास वार कर दिया। इसके बाद शिवशेखर राव और अन्य व्यक्ति ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में पीड़ित मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ समय में ही बंद हो गई थी कंपनी
पीड़ित के अनुसार पैसे देते समय गणेश अन्ना ने सुरक्षा के तौर पर 5-5 और 6 लाख रुपए के दो चेक, कुल 11 लाख रुपए के उसे दिए थे। कुछ समय बाद कंपनी बंद हो गई, जिससे पूरा निवेश डूब गया। इसके बावजूद गणेश अन्ना और शिवशेखर राव लगातार पैसों की मांग करते रहे। पीड़ित का दावा है कि उसने किस्तों में अब तक करीब 16 लाख रुपए उन्हें दे दिए, फिर भी दबाव और धमकियां बंद नहीं हुईं। अस्पताल में पहुंचे, डॉक्टरों ने एक्स-रे करने की दी सलाह
घटना से पहले पीड़ित ने अपने पिता लल्लन झा को फोन कर बुलाया था। वे भाई अविनाश के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को थाने ले गए। पुलिस ने स्थिति गंभीर देख उसे शासकीय अस्पताल सुपेला भेजा। रात होने के कारण डॉक्टरों ने सिर में चोट का एक्स-रे और नाक का ईएनटी परीक्षण कराने की सलाह दी। इसके बाद अगले दिन पीड़ित ने शासकीय अस्पताल दुर्ग में जांच कराई। मारपीट में पीड़ित की दाहिनी आंख के नीचे, नाक में, सिर के पीछे और बाएं हाथ की कोहनी के पास चोटें आई हैं। पीड़ित का कहना है कि घटना को आसपास मौजूद लोगों ने भी देखा है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *